
क्या 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन सही है? जानिए कर्नाटक सरकार के फैसले, वैश्विक नियमों और इसके मनोवैज्ञानिक व कानूनी पहलुओं का पूरा विश्लेषण।
कर्नाटक में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन: सुरक्षा या अधिकार का हनन?
“हमारे बच्चों का दिमाग और भावनाएं बिकने के लिए नहीं हैं।” फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन का यह बयान आज भारत में भी गूंज रहा है। कर्नाटक सरकार ने अपने बजट 2026-27 में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 16 साल से कम उम्र के नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाने की घोषणा की है।
कर्नाटक सरकार द्वारा यह फैसला लेना एक बार फिर वही प्रश्न उठाता है कि क्या 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मिडिया के इस्तेमाल पर वाकई बैन लगना चाहिए।
सोशल मीडिया बैन की वैश्विक लहर: ऑस्ट्रेलिया से कर्नाटक तक
कर्नाटक इस दिशा में कदम उठाने वाला अकेला राज्य नहीं है।
- ऑस्ट्रेलिया: 2025 में ही 16 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया।
- फ्रांस: 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कड़े कानून लागू करने की तैयारी में है।
- चीन: यहां प्रतिबंध के बजाय ‘स्क्रीन टाइम’ (Screen Time Limits) पर ध्यान दिया गया है, जहाँ 8 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए एक दिन में मात्र 40 मिनट की सीमा तय है।
ऑस्ट्रेलिया ने साल 2025 में 16 साल से कम उम्र के सभी सोशल मिडिया अकाउंट्स पर बैन लगा दिया था और उसके बाद ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने भारी तादाद में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मिडिया अकाउंट्स डिलीट करवाए। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने मेटा समेत 10 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को यह चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने 16 साल से कम उम्र के बच्चों का सोशल मिडिया अकाउंट डिलीट नहीं किया तो सरकार इन कंपनियों पर 50 मिलियन डॉलर तक का फाइन लगा सकती हैl
आखिर नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया खतरनाक क्यों है?
डिजिटल युग में सोशल मीडिया एक ‘दोधारी तलवार’ है। इसके प्रमुख खतरे निम्नलिखित हैं:
मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) : तनाव, घबराहट (Anxiety) और डिजिटल एडिक्शन।
साइबर अपराध: पोर्नोग्राफी, साइबर धमकी (Cyber Bullying) और निजी डेटा की चोरी।
हीन भावना और नकल: लग्जरी लाइफस्टाइल की नकल करने के चक्कर में बच्चे अपराध या खुदकुशी (जैसे गाजियाबाद का हालिया मामला) की ओर बढ़ रहे हैं।
अमूमन एक वयस्क आदमी में फिर भी इन समस्याओं को सहन करने की क्षमता होती है, उसको सही-गलत को पहचानने की समझ होती है, लेकिन जो नाबालिग हैं, जो अभी विद्यालयों में पढ़ रहे हैं, उनको सोशल मीडिया में अभी सही-गलत क्या है और किन तरीकों से वे सोशल मीडिया में गलत लोगों के हाथों इस्तेमाल हो जाते हैं, इसका उन्हें अंदाजा भी नहीं है।
विश्वभर में यह देखा गया है कि कई बार बच्चे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोर्नोग्राफी कंटेंट, साइबर धमकी, साइबर अटैक के शिकार हुए है, जहां उन्हें बहला फुसलाकर उनसे जबरदस्ती डिटेल्स या निजी फोटो तक मांगी जाती है। साथ ही इन सब खतरों का सामना करते हुए वह बच्चे कई तरह की मानसिक समस्याओं का भी सामना करते हैं जो बच्चे को तनाव, घबराहट, अकेलापन और डिजिटल एडिक्शन जैसे कई बीमारियां दे जाती हैं।
इस के साथ ही सोशल मीडिया पर लक्ज़री लाइफस्टाइल देख बच्चों में एक तरह की हीन भावना उत्पन्न हो जाती है। वह अपने जीवन की असल जिंदगी को नकारते हुए सोशल मीडिया के लक्ज़री लाइफस्टाइल की नकल करने लगते हैं, उस चक्कर में पैसे खर्च करने के लिए जुर्म की राह भी पकड़ते हैं, तो कभी जीवन से हार मान कर खुदकुशी भी कर लेते हैं। जैसे फरवरी 2026 में गाजियाबाद का एक केस था, जहां तीन नाबालिग बहनों ने खुदकुशी कर ली, जिसके पीछे प्रमुख कारण कोरियन लाइफस्टाइल और कल्चर से पर प्रभावित होना और परिवार की आर्थिक तंगी माना जा रहा है।
सोशल मीडिया की यह लुभावनी दुनिया, तुरंत अमीर बनने के सपने नाबालिगों को आकर्षक लगती है और उनके पीछे की सच्चाई को जाने बिना वह उसे वास्तविकता समझ लेते हैं। उन्हें नहीं पता कि क्या गलत है और क्या सही। इस उम्र में बच्चे वास्तविकता और कृत्रिम दुनिया में अंतर नहीं कर पाते और यही कारण है कि कृत्रिम दुनिया को ही वास्तविकता समझ लेते हैं।
कार्यान्वयन की चुनौतियाँ : कैसे होगा सोशल मीडिया बैन
सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती ‘Age Verification’ (आयु सत्यापन) की है। इसके लिए कुछ संभावित उपाय अपनाए जा सकते हैं:
- अकाउंट बनाते समय सरकारी आईडी (Aadhar/Voter ID) अनिवार्य करना।
- एआई (AI) आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक का उपयोग।
- पेरेंटल कंसेंट (माता-पिता की अनुमति) के कड़े प्रावधान।
हालांकि, VPN (Virtual Private Network) का इस्तेमाल और फर्जी जन्मतिथि दर्ज करना इस राह में बड़ी बाधाएं हैं।

कानूनी पेच: क्या राज्य सरकार के पास है यह अधिकार?
भारत के संवैधानिक ढांचे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को रेगुलेट करना केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। साथ ही, ‘प्रज्ञा प्रसून बनाम भारत संघ (अप्रैल 2025)’ के फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने अनुच्छेद 21 के तहत ‘डिजिटल पहुंच’ को मौलिक अधिकार माना है। ऐसे में कर्नाटक सरकार का यह फैसला कानूनी चुनौतियों में फंस सकता है।
विशेषज्ञों की राय : क्या ‘बैन’ ही है एकमात्र रास्ता?
अब सवाल यह उठता है कि क्या 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के इस्तेमाल पर बैन लगाना वाकई एक उचित कदम है या फिर उचित एवं तार्किक दिशानिर्देशनों के माध्यम से इसको सही तरह से नियमित किया जा सकता है।
इस संदर्भ में काफी विचार किया जा सकता है। यदि हम पूरी तरह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के बैन पर बात करें तो हमारे सामने अभी तक ऐसी कोई केस स्टडी या आंकड़े मौजूद नहीं है, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि यह कदम वाकई कारगर है। इस के साथ ही यह कदम तार्किकता के पैमाने पर भी कमज़ोर नज़र आता है, जहां किसी चीज़ पर पूरी तरह बैन लगाना तार्किक रूप से ठीक नहीं है।
इस के अलावा सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को निर्देश देना और सभी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट्स डिलीट करना, यह अपने आप में एक चुनौतीपूर्ण काम है, जो कि वास्तविकता में इसको लागू करते समय और भी जटिल बना देता है।
वहीं सामाजिक संदर्भ में भी यह एक बड़ी चुनौती है कि पैरेंट्स और अध्यापकों को यह कैसे समझाया जाए, कि यह तार्किक रूप से किस हद तक और कितना सही कदम है। मनोचिकित्सकों के अनुसार, पूर्ण प्रतिबंध बच्चों में आक्रामकता (Aggression) पैदा कर सकता है। समाधान केवल कानून नहीं, बल्कि एक साझा जिम्मेदारी (Shared Responsibility) है:
- अभिभावकों की भूमिका: ‘Bark’ या ‘MM Guardian’ जैसे ऐप्स के जरिए बच्चों की डिजिटल गतिविधि को ट्रैक करना।
- स्कूलों का दायित्व: डिजिटल लिटरेसी और एआई के सही उपयोग के बारे में जागरूकता बढ़ाना।
अंततः नाबालिगों पर सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभाव के संदर्भ में विद्यालयों, शिक्षकों, पैरेंट्स के अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कंपनियों को भी अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी होगी। चूंकि आज का युग एक डिजिटल युग है और वर्तमान में कई विद्यालयों में एआई आधारित विषय पढ़ाए जा रहे हैं, ऐसे में कौन से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का किस हद तक उपयोग करना है, यह बच्चों को सिखाना भी ज़रूरी है, इसके लिए सरकार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स कम्पनियां विद्यालयों के साथ जुड़कर समय-समय पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के सुरक्षित उपयोग के बारे में कैंपेन चला कर इस समस्या का समाधान कर सकती हैं।



Leave a Reply